नई दिल्ली। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी 16 नवंबर को राजस्थान का चुनावी दौरा करेंगे। यहां वे हनुमानगढ़, गंगानगर की चार सीटों पर जनसभा करेंगे। सुबह 10:25 पर वे दिल्ली से गंगानगर के लिए रवाना होंगे। यहां वे सूरतगढ़ से तारानगर बाई रोड पहुंचेंगे जहां जनसभा करेंगे। यहां कांग्रेस ने नरेंद्र बुड़ानियां को अपना प्रत्याशी बनाया है।
तारानगर से दोपहर 2 बजे वे हनुमानगढ़ की नोहर सीट पर जनसभा करने पहुंचेंगे। यहां कांग्रेस के अमित चाचाण प्रत्याशी हैं जिनका मुकाबला बीजेपी के अभिषेक मटोरिया से होना है।
नोहर के बाद साहुलशहर में राहुल गांधी की तीसरी जनसभा शाम 4 बजे होगी। यहां कांग्रेस से जगदीश जांगिड़ चुनाव लड़ रहे हैं। यहां बीजेपी के गुरुविंदर सिंह बराड़ चुनाव लड़ रहे हैं।
राहुल गांधी का जयपुर में रोड शो करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए स्थानीय नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है। आज शाम तक राहुल गांधी के जयपुर रोड शो की तारीख फाइनल होगी। 17 को राहुल गांधी का बायतू में चुनावी दौरा होना है। राहुल के दौरे से दो दिन पहले यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा होगी।
19 नवंबर को राहुल गांधी जयपुर में रोड शो कर सकते हैं। पहले यह रोड शो 16 को प्रत्सावित था। इसके बाद तारीख में बदलाव किया गया अब यह 19 नवंबर को प्रस्तावित किया गया है।





