नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बारे में कोई पुख्ता सूचना नहीं मिलने पर विपक्षी कांग्रेस समेत तमाम दल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। ताजा कड़ी में कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए पूछा है कि इतना तो ता दीजिए कि धनखड़ साहब अस्पताल में भर्ती हैं या योग कर रहे हैं। सिब्बल ने इस बारे में सोशल मीडिया पर ‘लापता धनखड़’ शीर्षक दे अमित शाह से सवाल पूछे हैं।
सिब्बल ने लिखा है, “लापता धनखड़… अमित शाह जी: मुझे मालूम है कि आप असत्य से दूर रहते हैं। हमें इतना तो बता दीजिए कि धनखड़ जी क्या: हॉस्पिटल में हैं या फिर योग कर रहे हैं? या फिरटेबल टेनिस खेल रहे हैं?”
एक दिन पहले ही अमित शाह ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर खुलकर बात की थी और कहा था कि उन्होंने अपने स्वास्थ्य के चलते उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था और इसमें किसी को कुछ खोजने की जरूरत नहीं है। लगे हाथ शाह ने कहा था कि संवैधानिक पद पर रहते हुए धनखड़ जी ने अच्छा काम किया था।
कछ दिनों पहले ऐसी खबर आई थी कि पिछले महीने उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने वाले जगदीप धनखड़ अपने परिवार के साथ समय बिताने के साथ ही नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं और टेबल टेनिस खेल रहे हैं। अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने से पहले धनखड़ जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब उन्होंने शौकिया टेबल टेनिस खेलना शुरू किया था।
धनखड़ की दिनचर्या से वाकिफ लोगों ने बताया कि वह नियमित रूप से योग अभ्यास करते हैं और उपराष्ट्रपति एनक्लेव में अपने शुभचिंतकों व स्टाफ सदस्यों के साथ टेबल टेनिस खेलते हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति की दिनचर्या से अवगत एक व्यक्ति ने बताया, “यहां तक कि यात्रा से लौटने के बाद भी वह अपने स्टाफ सदस्यों के साथ टेबल टेनिस खेलते थे।”
धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति के रूप में धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था। अब उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए नौ सितंबर को चुनाव होने हैं। केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है।





