नई दिल्ली। भरपूर बारिश के बाद इस साल सर्दी भी जल्द दस्तक देगी। इसकी बड़ी वजह मौसम चक्र में सुधार बताया जा रहा है। समय से मानसून ने इसकी शुरुआत कर दी है। देश भर में अच्छा मानसून रहा है, जिसमें यूपी भी शामिल है। पहाड़ों पर भी जमकर बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आमतौर पर उमस अक्तूबर में खत्म होती है पर इस बार सितंबर के तीसरे सप्ताह से ही ऐसा हो जाएगा।
मानसून चक्र में सुधार के कारण इस बार मानसून की वापसी 14 सितंबर से संभावित है जो राजस्थान होते हुए लौटेगा। वर्ष 2024 में मानसून की वापसी 23 सितंबर से हुई थी। आंकड़ों की बात करें तो अगस्त में अब तक करीब 282 मिमी बारिश हो चुकी है। जुलाई में 334 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। जुलाई और अगस्त (अब तक) में कुल 616 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि मौसम सत्र सामान्य होने से कई बदलाव दिखने की संभावना है। सितंबर के तीसरे सप्ताह से उमस में कमी आने की संभावना है।
इतना ही नहीं, अक्तूबर में रात में गुलाबी सर्दी का अहसास हो सकता है। नवंबर में सामान्य सर्दी और दिसंबर व जनवरी में जाड़े का पीक रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि लंबे समय के बाद पूरे देश में समान रूप से मानसून सक्रिय रहा है। इससे राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की हुई है। बारिश की नमी धरती सोखती है और दीर्घकाल में इसका लाभ होता है। इसका लाभ किसानों को तो मिलेगा ही लेकिन मौसम चक्र में भी सुधार होगा।
कानपुर में दिन में उमस भरी गर्मी के बाद रविवार को रात में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हुई जिसने गर्मी से राहत दिला दी। यूपी में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद फिर छिटपुट वर्षा ही होगी। रविवारदेर रात कई क्षेत्रों में तेज बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अच्छी बारिश के संकेत हैं। कानपुर समेत प्रदेश के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।





