मध्य प्रदेश के इंदौर से मॉडल ऊषा सिसोदिया ने वर्ष 2024 में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और कम समय में अपनी प्रतिभा से पहचान बनानी शुरू कर दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उन्होंने “मिस इंडिया सेकंड रनरअप” का खिताब हासिल किया और कई फैशन शो तथा ब्रांड्स के साथ काम किया। उनका मानना है कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी महिला अपने सपनों को साकार कर सकती है।
ऊषा सिसोदिया बताती हैं कि शुरुआत में उन्होंने मिसेस कैटेगरी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जहां उन्हें अच्छा अनुभव और मंच मिला। इसके बाद उन्होंने “मिस इंडिया” प्रतियोगिता में भाग लिया और सेकंड रनरअप बनने का गौरव हासिल किया। शुरुआती दौर में वे केवल सीखने के उद्देश्य से मंच पर गई थीं, लेकिन वहां मिले मार्गदर्शन और ग्रूमिंग ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और उन्होंने इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया।
ऊषा के अनुसार किसी भी प्रतियोगिता में जीत हासिल करने से व्यक्ति को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। उनका कहना है कि इन उपलब्धियों ने उन्हें यह एहसास कराया कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि वे अपने सपनों के लिए मेहनत करें और आत्मविश्वास बनाए रखें, तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। वे मानती हैं कि हर महिला को अपने शौक और लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
परिवार और करियर के संतुलन पर बात करते हुए ऊषा सिसोदिया कहती हैं कि परिवार का सहयोग उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है। शादी के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आगे चलकर मॉडलिंग में कदम रखा। परिवार के सहयोग से वे अपने घर और करियर दोनों को संतुलित कर पा रही हैं। भविष्य को लेकर उनका लक्ष्य है कि वे इस क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ें और अपनी मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचें।





