डीबी न्यूज नेटवर्क से बोले बंटी शेल्के, पांच राज्यों में बनेगी कांग्रेस की सरकार
नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए मतदान के बाद अब मतगणना की तारीख (3 दिसंबर) नजदीक आ गई है तो राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता की भी रुचि इस बात को जानने में तेज हो गई है कि किस राज्य में किस दल की सरकार बनने जा रही है। अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है जब मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के परिणाम साफ हो जाएंगे कि किस प्रदेश में किस दल की सरकार बनने जा रही है। एग्जिट पोल के आने के बाद हर दल अपनी जीत का दावा कर रहा है। कांग्रेस को यहां लग रहा है कि कांग्रेस की सभी राज्यों में सरकार बनेगी तो वहीं भारतीय जनता पार्टी भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है। इसी कड़ी में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बंटी शेल्के ने क्या कुछ कहा, आपको बताते हैं।
बंटी शेल्के कांग्रेस की जीत के प्रति आश्वस्त नजर आए उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह का माहौल नजर आ रहा है उससे साफ है कि कांग्रेस हर राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है क्योंकि देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। जिसके खिलाफ देश के जनता ने मतदान किया है। पांच राज्यों के कल चुनाव परिणाम आ रहे हैं जिससे यह साफ हो जाएगा की जनता क्या चाहती है।
बंटी शेल्के ने शायराना अंदाज में कहा कि मोदी, अमित शाह और शिवराज के प्रति जनता में था द्वेष इसलिए कांग्रेस आ रही इन मध्य प्रदेश। राजस्थान के लिए बोले की राजस्थान के दिलों में है राहुल और गहलोत के लिए स्थान इसलिए दोबारा कांग्रेस आ रही है इन राजस्थान।
फिर उन्होंने तेलंगाना के लिए कहा कि तेलंगाना की जनता ने बता दिया कि मोदी और केसीआर के प्रलोभन में मत आना क्योंकि कांग्रेस बना रही है सरकार इन तेलंगाना।
उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में कांग्रेस इस यात्रा से मजबूत हुई है और इसके परिणाम आपको कल यानी 3 दिसंबर को देखने मिल जाएंगे। बंटी शेल्के ने भाजपा और पीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ सालों में देश की जनता जुमलों से परेशान हो गई है और अब जनता अपने मन की बात कहना चाहती है।





