छिंदवाड़ा की जनता इस बार छिंदवाड़ा के बेटे को चुनेगी
भोपाल। मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट पर सभी की निगाहें हैं। क्योंकि सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू का मुकाबला मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी कमलनाथ से है। एग्जिट पोल आने के बाद जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता उत्साहित हैं तो वहीं कांग्रेसी भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं। डीबी न्यूज नेटवर्क से बात करते हुए छिंदवाड़ा के भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने क्या कहा आपको बताते हैं।
मोदी और भाजपा पर भरोसे की कही बात
बंटी साहू बोले कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी, क्योंकि मध्य प्रदेश में मोदी जी की नेतृत्व को और भाजपा की नीतियों को साराहा गया है, लाडली बहना योजना हो या अन्य जनकल्याण की योजना हों, सभी योजनाओं का आमजन की भलाई को ध्यान में रखते हुए हम उनका क्रियान्वयन करते हैं। उन्होंने कहा कि कल जब परिणाम आएंगे तब आप देखिएगा कि भाजपा का कमल पूरे मध्यप्रदेश में आपको दिखाई देगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा के विकास पर नहीं दिया ध्यान
उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ ने छिंदवाड़ा की जनता के साथ छलावा किया है और उनके संरक्षण में छिंदवाड़ा में माफियावाद ने जन्म लिया है। बंटी साहू ने यह भी कहा कि 42 सालों में छिंदवाड़ा का विकास नहीं हुआ, छिंदवाड़ा के युवाओं को रोजगार नहीं मिला और छिंदवाड़ा की जनता आज अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है। पर इस बार छिंदवाड़ा की जनता छिंदवाड़ा के बेटे पर भरोसा जताएगी और यहां से छिंदवाड़ा का बेटा ही जीतेगा।





