भोपाल। पांच राज्यों में हुए चुनाव के बाद आए परिणामों ने कांग्रेस की नींद उड़ा दी है इसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को जबरदस्त जीत मिली है और कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा है। कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जहां सत्ता गवां दी है तो वही मध्यप्रदेश में भी सत्ता में पहुंचने का सपना कांग्रेस का पूरा नहीं हो सका है। इस पर मध्यप्रदेश की पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हिना कांवरे का कहना है कि हम हार के कारणों की समीक्षा करेंगे पर मध्यप्रदेश में जो सबसे पहला कारण निकलकर आया है वह है मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना, जो कि सबसे बड़ी गेम चेंजर साबित हुई और हम सत्ता में नहीं आ पाए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हमारी हार का और कोई कारण साफ नजर नहीं आ रहा है। लाडली बहन योजना के कारण भारतीय जनता पार्टी को बंपर जीत मिली है।
उन्होंने कहा कि हमारे पीसीसी अध्यक्ष और कमलनाथ ने जबरदस्त मेहनत की सभी वरिष्ठ नेताओं का बेहतर समन्वय था पर भारतीय जनता पार्टी की इस योजना ने जनता को अपनी ओर आकर्षित किया। हिना कांवरे ने कहा कि हम 5 साल जबरदस्त मेहनत करेंगे, विपक्ष की भूमिका का बखूबी निर्वहन करेंगे और जनता की लड़ाई लड़ते रहेंगे।





