भोपाल। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का राजनीतिक पुनर्वास भी जल्द हो सकता है। पार्टी हाईकमान ने चर्चा के लिए उन्हें दिल्ली बुलाया है। शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़्डा से मुलाकात की। शिवराज इस मुलाकात के लिए मंगलवार दोपहर पहुंचे।
ऐसा माना जा रहा है कि जेपी नड्डा से भेंट के बाद शिवराज सिंह की नई जिम्मेदारी को लेकर निर्णय हो सकता है। उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है या फिर कुछ महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। वह इससे पहले भी पार्टी में राष्ट्रीय सचिव व अन्य दायित्व निभा चुके हैं। पांच बार सांसद रहने के कारण उन्हें लोकसभा चुनावों का भी अच्छा अनुभव है।





