नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के बीच विपक्षी सांसदों के रवैये पर लगातार कार्रवाई हो रही है इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने विपक्षी सांसदों के निलंबन पर भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा यह सरकार सही बात सुनना नहीं चाहती है। भाजपा से यह पूछना चाहिए कि वे लोकतंत्र का मंदिर बोलते हैं। हम सब अपने भाषणों में लोकतंत्र का मंदिर कहते हैं। ये किस मुंह से इसे लोकतंत्र का मंदिर कहते हैं, जब ये विपक्ष को बाहर कर रहे हैं। अगर ये दूसरी बार सरकार में आ गए तो यहां बाबासाहेब अंबेडकर का संविधान नहीं बचेगा।
विपक्षी सांसदों निलंबन पर सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘आज 40 से भी ज्यादा सांसद निलंबित हुए हैं। कल भी लोकसभा और राज्यसभा में मिलाकर 80 से ज्यादा सांसद निलंबित हुए। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जो वातावरण हम देख रहे हैं, जहां हम संसद में अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं वह सरकार की पूरी विफलता को प्रदर्शित करता है।





