नई दिल्ली। बिहार में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के इस्तीफे की खबर पर अब सियासी घमासान शुरू हो गया है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने आज एक बार फिर से मीडिया से बात की और बड़े ही सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मीडिया पर सवाल उठाया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों ने लाखों नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया यह किसी को पच नहीं रहा है। इसलिए अनर्गल खबर चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया भी हमारी उपलब्धि को नहीं दिखाती है। इस तरह की पत्रकारिता जो तीन-तीन महीने पर इस तरह के आधारहीन खबर चलाने के लिए जागती रहती है और गलत खबर चलाती है। तो इस पर क्या ही कहना है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में हो रहे काम और मुद्दे को लोग ढकना चाह रहे हैं। इसलिए इस तरह की अफवाह उड़ाई जा रही है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि हमलोग इस मामले पर कितनी बार सफाई दें भाई। उन्होंने कहा कि कल ही इस मामले पर विजय चौधरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। फिर भी आपलोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं।
इससे पहले भी मुख्यमंत्री जी के साथ हम लोग इस मामले पर बयान दे चुके हैं। तब भी अगर लोगों को नहीं मानना है तो न माने, इसमें हमलोग क्या कर सकते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं। हर पार्टी अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करती है। हमने भी अपनी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। इसमें अब किसी के इस्तीफे की बात कहां से आ गई। बेच दिया।





