खंडवा। हम सब का सौभाग्य है कि हम आज सिंगाजी के आंगन में हैं। दर्शन मात्र से सभी मन्नत पूरी हो जाती है। भावना, आस्था और विश्वास के बलबूते पर ही हिंदुस्तान की सनातनी पहचान है। ऐसे ही हस्ती मिटती नहीं हमारी। वह कुछ बात परमात्मा की विशेष कृपा है, जो भारत को दुनिया से अलग बनाती है।
यह बात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संत सिंगाजीधाम में आयोजित स्वागत समारोह में मंच से कही। उन्होंने कहा कि दुनिया के 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन वहां अध्यात्मिक विभूतियों का अभाव है। इस कारण उन राष्ट्रों के उत्थान-पतन का दौर चलता है लेकिन भारत की तरह को अखंड नहीं है।
सीएम ने कहा कि विश्व के कई देश हैं जो अपने देश का अस्तित्व बनाए रखने के लिए ला एंड आर्डर और पुलिस के भरोसे हैं। हर दसवें व्यक्ति पर एक पुलिस वाला है। नहीं तो वहां अराजकता आ जाएगी। अव्यवस्था फैल जाएगी। एक मात्र हमारा देश भारत है, जहां दसवें की छोड़े यहां एक लाख पर एक पुलिस वाला मिल जाए तो बड़ी बात है। देश की आबादी 142 करोड़ और विशाल भू-भाग है, उसके बावजूद भी देश की सभी सेना मिलाकर भी संख्या साढे तेरह लाख ही है। इसके बावजूद दुनिया की सबसे अच्छी सेना हमारी है, जिसकी दुनिया में धाक है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य के अंदर खुद की सत्ता होती है, जिसमें परमात्मा बसता है। जो मनुष्य को सही और गलत का एहसास करवाता है। इसलिए एक पुलिस थाने से 100 से 200 गांव तक संचालित होते हैं। यह कैसे चलता है क्योंकि आत्म चेतना से आम व्यक्ति अपना संचालन करता है। पुलिस गुंडों के लिए पर्याप्त है। आज अयोध्या में नए एयर पोर्ट का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने लोकापर्ण किया है। सांस्कृतिक अनुष्ठान का नया पर्व दिया है। आज मैं यहां दर्शन करने आया हूं, लेकिन आप जब-जब जो मांगोगे इस क्षेत्र के विकास के लिए सब मिलकर काम करेंगे। इस मौके पर केबिनेट मंत्री विजय शाह और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी संबोधित किया।





