नई दिल्ली। मध्य प्रदेश कांग्रेस विधानसभा चुनाव में हार के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने लोकसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने पार्टी नेताओं की मीटिंग बुलाई, जिसमें भारी वबाल देखने को मिला. देर शाम ऑल इंडिया कांग्रेस ने इलेक्शन कमेटी और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन कर दिया. जिसमें कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत कई दिग्गजों को भी जगह दी गई है
लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनावों में हार के मंथन के लिए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भोपाल में मीटिंग बुलाई थी. इस दौरान भारी बवाल देखने को मिला. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर ही आस्तीन के सांप बैठे हुए हैं. जिसके बाद देर रात इलेक्शन कमेटी का ऐलान किया गया.
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने देश के 8 राज्यों के लिए कमेटी का गठन कर दिया है. कांग्रेस ने इलेक्शन कमेटी और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया है. मध्य प्रदेश में इन कमेटियों का प्रमुख पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को बनाया गया है. इलेक्शन कमेटी में चेयरमेन समेत कुल 34 सदस्य शामिल हैं, इसके अलावा 4 पदेन सदस्य भी होंगे. वहीं पीएसी में चेयरमेन समेत कुल 32 सदस्य शामिल हैं, साथ ही कुछ पदेन सदस्य भी होंगे.
बैठक को संबोधित करते हुये जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव अब पीछे छूट चुके हैं. अब हमें नये सबक लेते हुये पूरे उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में उतरना है. उन्होंने कहा कि आप लोग भलें ही चुनाव हार गये हों, लेकिन हर विधानसभा में हजारों लोगों ने आपको वोट दिया है और लोकसभा चुनाव में आपकी सक्रियता और एकजुटता पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगी.





