नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी मणिपुर के सेनापति इलाके में पहुंचे। राहुल ने कहा कि कांग्रेस के इस दौरे का मकसद मणिपुर में शांति और सौहार्द वापस लौटाना है। उन्होंने कहा लगभग सात महीने पहले मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हुई जातीय हिंसा के कारण प्रदेश की जनता संघर्ष कर रही है। बकौल राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं ने पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की। इसका मकसद भारत के लोगों को एक साथ लाना है।
राहुल गांधी कई और कांग्रेस नेताओं के साथ यात्रा के लिए खास तौर पर तैयार कराई गई बस से सफर कर रहे हैं। रविवार शाम यात्रा की शुरुआत के बाद दूसरे दिन उन्होंने कुछ दूरी तक पैदल यात्रा की। इस दौरान राहुल स्थानीय लोगों से मिले और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं की बस जब व्यस्त इलाकों से गुजर रही थी तो यात्रा मार्ग पर कई लोगों को कतार में खड़े देखा गया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस का भी जयकारा लगाया।





