भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही आया था इस यात्रा का ख्याल’
राहुल गांधी ने एक अन्य कार्यक्रम में कहा ‘बीते साल हमने भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की थी और देश के लोगों, विभिन्न संस्कृतियों, विभिन्न धर्मों और अलग-अलग भाषाई लोगों को साथ लाने की कोशिश की थी। तभी हमें पूर्व से पश्चिम की यात्रा करने का भी विचार आया था।
राहुल गांधी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कहा ‘आरएसएस और भाजपा ने 22 जनवरी के कार्यक्रम को पूरी तरह से राजनीतिक नरेंद्र मोदी कार्यक्रम बना दिया है। यह आरएसएस और भाजपा का कार्यक्रम है और मुझे लगता है कि इसी वजह से कांग्रेस अध्यक्ष इस कार्यक्रम में नहीं जा रहे हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। यहां तक की हिंदू धर्म के सबसे बड़े गुरुओं ने भी अपने विचार सार्वजनिक किए हैं और कहा है कि 22 जनवरी का कार्यक्रम राजनीतिक कार्यक्रम है। ऐसे में हमारा ऐसे कार्यक्रम में जाना मुश्किल है, जिसे प्रधानमंत्री और आरएसएस के इर्द-गिर्द बनाया गया है।’
विपक्षी गठबंधन पर राहुल गांधी ने कहा कि ‘2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी गठबंधन मजबूती से काम कर रहा है। यह यात्रा भी एक विचारधारा की यात्रा है। देश में काफी अन्याय हुआ है और हम इसे लेकर ही यात्रा निकाल रहे हैं। विपक्षी गठबंधन की स्थिति बहुत अच्छी है। हम सहयोगियों से बात कर रहे हैं और सीट बंटवारे पर बात हो रही है। सबकुछ अच्छा चल रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह मुश्किल नहीं है और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही सभी मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे।’





