नई दिल्ली। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को असम के धुबरी से आगे बढ़ी। असम में यात्रा का आज आखिरी दिन है। मंगलवार को गुवाहाटी में पुलिस से हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प और राहुल गांधी पर एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद अब्दुल खालेक ने कहा कि ‘अगर उनमें (हिमंत बिस्व सरमा) हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाएं। अभी करके दिखाएं। लोकसभा चुनाव के बाद क्यों गिरफ्तार करना है। वह पुलिस को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा उन्हें एफआईआर करने दीजिए। हम अपनी यात्रा जारी रखेंगे। उन्हें देश को धर्म और भाषा के आधार पर बांटने दीजिए। हम देश को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए साथ लाते रहेंगे। वह (असम सीएम) सबसे भ्रष्ट सीएम हैं और उनसे यही सब कहे जाने की उम्मीद है।
यात्रा के दौरान चाय की दुकान पर रुके राहुल गांधी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत राहुल गांधी धुबरी के हालाकुरा गांव में एक चाय की दुकान पर रुके। इस दौरान वह पार्टी नेताओं के साथ आगे की रणनीति बनाते दिखे। चाय दुकान के मालिक ने राहुल गांधी के उसकी दुकान पर रुकने पर खुशी जताई और कहा कि उसे बहुत खुशी हुई है।
असम सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने अपने बयान में कहा है कि ‘उनका मकसद असम को अस्थिर करना है। अब वह न्याय यात्रा ढुबरी में निकालना चाहते हैं। निकालने दीजिए, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। हम उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार करेंगे। अगर हम उन्हें पहले गिरफ्तार करेंगे तो इसका राजनीतिकरण हो जाएगा। मामला दर्ज कर लिया गया है और एसआईटी मामले की जांच करेगी। हमारे पास सबूत हैं। कल की घटना बहुत बड़ी थी और गुवाहाटी में कुछ भी हो सकता था। हम लोकसभा चुनाव से पहले राजनीति नहीं करना चाहते क्योंकि हम चुनाव जीतने जा रहे हैं।’





