भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस चीफ जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर मोहन यादव सरकार को घेरा है। पटवारी ने उज्जैन में बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच रामनिवास और उनकी पत्नी मुन्नीबाई की हत्या को लेकर प्रदेश की कानूनी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सवाल किया कि आपके पास गृह विभाग भी है। आप प्रदेश में कानून व्यवस्था क्यों नहीं संभाल पा रहे हैं।
पटवारी ने मुख्यमंत्री से पूछा कि इसके पहले भी उज्जैन जिले में ही महापुरुषों की मूर्तियां लगाने का विवाद होता रहा, लेकिन सरकार का खूफिया तंत्र क्यूं सोता रहा? मध्यप्रदेश में बदमाशों द्वारा प्रधान आरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जीप चढ़ाकर पुलिस अधिकारी को मार दिया गया एवं माफियाओं द्वारा बेकसूरों को प्रताड़ित करने की खबरें रोज आ रही हैं। थाने से जीप चोरी हो गई परंतु ऐसी कोई करवाई नहीं हुई जिससे अपराधियों में कानून का खौफ हो।
जीतू बोले मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है और अपराधियों के हौसले बुलंद इसलिए प्रदेश में रोजाना अपराध हो रहे हैं। जिसको रोकना में प्रदेश की सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। जीतू बोले मोहन यादव मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ प्रदेश के गृहमंत्री भी हैं पर उनकी सरकार में अधिकारी पहले भी सरकारी आदेशों की अवहेलना करते रहे हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रदेश में कानून व्यवस्था चाक-चौबंद करनी चाहिए, अपराधों पर लगाम लगानी चाहिए। जिससे मध्य प्रदेश में कानून राज कायम हो सके।





