श्रीनिवास बोले – आरटीआई जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार से प्राप्त डाटा के आधार पर आज भी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 9 लाख 80 हज़ार से भी ज्यादा पद खाली पड़े हैं, इन पर भर्ती कब होगी
नई दिल्ली। 9 वर्ष से अधिक का समय बीत गया लेकिन नौकरी का इंतजार आज भी देश के युवा कर रहे हैं। भारतीय युवा कांग्रेस और आरटीआई विभाग के नेशनल वाइस चेयरमैन आनंद मिश्रा की एक आरटीआई जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार से प्राप्त डाटा के आधार पर आज भी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 9 लाख 80 हज़ार से भी ज्यादा पद खाली पड़े हैं जो की सरकार की जिम्मेदारी बनती है। पर इन पदों को भरने के लिए अभी तक कोई कदम सरकार द्वारा नही लिए गए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे जैसे महत्वपूर्ण विभाग में 2,93,943 पद अभी भी रिक्त हैं, तो गृह विभाग जो कि देश का महत्वपूर्ण विभागों में से एक है उसमें एक लाख तियालीस हज़ार पांच सौ (1,43,500) पद रिक्त हैं, तो देश की सीमाओं से संबंधित विभाग सिविल डिफेंस में 264706 पद खाली हैं, इसके अलावा पोस्टल विभाग में 90,000, चाहे बात किसी भी विभाग की हो रिक्त पदों की संख्या बरकरार है, चाहे विदेश मंत्रालय की हो, कृषि विभाग की हो, खेल एवं युवा मामलात की हो, हर एक विभाग में रिक्त पदों की संख्या विद्यमान है।
श्रीनिवास बी वी ने कहा कि 2014 में जब केंद्र में मोदी जी की सरकार बनी थी, तो मोदी जी ने यह वादा किया था की प्रति वर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन आज 9 वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी केंद्र की सरकार केंद्र के रिक्त पदों को भरने में विफल रही है। देश का युवा वर्ग अब इनके बहकावे में आने वाला नहीं है और 2024 के लोकसभा चुनाव में इस युवा विरोधी सरकार को केंद्र के सत्ता से बाहर करने का काम इस देश का युवा करेगा।





