नई दिल्ली। तमिलनाडू के सुपरस्टार विजय ने राजनीति में एंट्री लेने की घोषणा कर दी है। वह अपनी पार्टी तमिझा वेत्री कड़गम से 2026 के तमिलनाडू विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतरेगी। उनकी पार्टी न ही किसी का समर्थन करेंगी। यह निर्णय पार्टी की बैठक में किया गया।
एक्टर विजय ने कहा कि वह राजनीति में आकर तमिलनाडू की जनता की सेवा करना चाहते हैं, लेकिन फिल्मों के अपने काम को जारी रखेंगे। दरअसल, विजय को तमिलनाडू में बहुत बड़ी फैन फोलोइंग है। उनके फैंस उन्हें थलापति विजय कहते हैं। उन्हों उनके राजनीति में आने के एलान के बाद से ही उनके फैंस में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अभिनेता विजय की राजनीति में आने के एलान पर डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि देखिए हर किसी को (अपनी पार्टी शुरू करने का) अधिकार है। हम किसी को भी अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू करने से नहीं रोक सकते हैं। संविधान इसकी अनुमति देता है, इसलिए हम कुछ नहीं कह सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अब सवाल यह है कि वह राजनीतिक पार्टी क्यों शुरू कर रहे हैं। वह किसके लिए लड़ने जा रहे हैं। अगर वह अपनी नीतियों और विचारधाराओं को लेकर सामने आते हैं, तो हम इसे स्वीकार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अब जहां तक डीएमके का सवाल है। हमारी एक विचारधारा है जिसके लिए हमने काम किया है। हम शुरू से ही इस विचारधारा के साथ रहे हैं। हमने इसके अनुरूप बहुत सारे काम किए हैं। हमने लोगों को अच्छी शिक्षा और अच्छा रोजगार दिलाया है।





