इंदौर । लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के दोनों प्रमुख दलों ने चुनावी बिगुल बजा दिया है। आपसी बयानबाजी और पलटवार तेज हो गए हैं। कुछ दिनों पहले इंदौर से आठ बार की सांसद रह चुकी और पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को भाजपा में शामिल होने का न्यौता दिया था। इसी के जवाब में अब कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने ताई को कांग्रेस की सदस्यता लेने और इंदौर से दल की ओर से लोकसभा चुनाव लड़ने का न्यौता दिया है।
कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल ने सुमित्रा महाजन को पत्र लिखकर लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही है। गौरतलब है कि महाजन ने दो दिन पहले जय सियाराम के नारे के साथ कमल नाथ को भाजपा में आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा था कि यदि विकास पसंद है तो पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं।





