लखनऊ। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। इस दौरान बहन प्रियंका वाड्रा भी साथ नजर आएंगी। सोनिया गांधी के रायबरेली लोकसभा सीट छोड़कर राज्यसभा में जाने के फैसले के बाद माना जा रहा है कि प्रियंका को यहां लोकसभा प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
इस बीच, शुक्रवार सुबह यात्रा बिहार पहुंची। यहां सासाराम में तेजस्वी यादव भी यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी और तेजस्वी एक ही जीप में बैठे नजर आए। यहां राहुल ने किसानों से बात की और उनकी समस्या समझी।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के यूपी कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। दरअसल, पार्टी की कोशिश है कि किसान आंदोलन के कारण बनते दिख रहे माहौल का भी सियासी फायदा उठाया जाए। यही कारण है कि यूपी के रूट में बदलाव किया गया है।
ताजा खबर यह है कि कांग्रेस ने 16 फरवरी को चंदौली से प्रवेश कर रही यात्रा को 21 फरवरी को कानपुर में रोकने का निर्णय किया है। दो दिन के ब्रेक के बाद यात्रा 24 फरवरी को मुरादाबाद से यात्रा फिर शुरू होगी और अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस व आगरा होते हुए 25 फरवरी को राजस्थान में प्रवेश करेगी। यात्रा उप्र में पहले सात दिन चलनी थी, जो अब आठ दिन चलेगी।





