भारतीय युवा कांग्रेस का केंद्र सरकार के विरुद्ध भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बैंक खातों को सील किए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने आज केंद्र सरकार के विरुद्ध भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बैंक खातों को सील किए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा इलेक्टोरल बॉन्ड को निरस्त किए जाने के बाद केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री आगबबूला हैं। सुप्रीम कोर्ट के इस तमाचे के बाद देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बैंक खातों को चुनाव से ठीक पहले सील कर दिया है। प्रधानमंत्री ने पहले विपक्षी नेताओं के पीछे ED, IT, CBI को भेजा, कइयों को गिरफ्तार किया, राजनैतिक दलों को तोड़ा, और अब कांग्रेस पार्टी और भारतीय युवा कांग्रेस के बैंक खातों को चुनावों के ठीक पहले फ्रीज कर दिया गया है, ये लोकतंत्र पर हमला नहीं है तो और क्या है?
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने यह भी कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है, मोदी सरकार ने लोक सभा चुनाव के ठीक पहले देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बैंक खातों पर तालाबंदी कर लोकतंत्र पर गहरा आघात किया है। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक खाते तो भाजपा के फ्रीज होने चाहिए, क्योंकि जो असंवैधानिक कॉर्पोरेट बांड उन्होंने अपने खातों में डाल रखे हैं, जो की सुप्रीम कोर्ट के अनुसार असंवैधानिक हैं। हमारे खातों में कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन डोनेशन से जुटाया गया पैसा है। इसे इनकम टैक्स और मोदी सरकार कैसे फ्रीज कर सकती है। इस कदम से स्पष्ट है कि अब हमारे देश में लोकतंत्र नहीं रहा। ऐसा लगता है देश में ‘वन पार्टी सिस्टम’ लाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रीनिवास बी वी ने यह भी कहा कि जैसा हमारे नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है, हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे। भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जी जान से लड़ेगा।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मो. शाहिद, अरुणा महाजन, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणविजय लोचव, हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांशु बुधिराजा, राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, समेत अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता गण शामिल हुए।





