नई दिल्ली। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ एवं उनके छिंदवाड़ा से सांसद बेटे नकुल नाथ ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। सियासी गलियारों में उनके जल्द भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज है। संभावना है कि दिल्ली में आज उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी समेत भाजपा के कुछ और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है। फिलहाल दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय परिषद की बैठक चल रही है जिसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं। आज इस अधिवेशन का अंतिम दिन है।
कांग्रेस में कमल नाथ के समर्थक विधायक और महापौर भी को दिल्ली पहुंच सकते हैं। इसमें छिंदवाड़ा, बालाघाट, मुरैना सहित अन्य जिलों के विधायक शामिल बताए जा रहे हैं। रविवार सुबह कमल नाथ के करीबी सज्जन वर्मा भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के लगभग 15 मौजूदा और 08 पूर्व विधायक भी कमल नाथ के साथ पार्टी को अलविदा कह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। कमल नाथ मप्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस में हाशिए पर हैं। बीच में ऐसी चर्चाओं ने जोर जरूर पकड़ा कि वह कांग्रेस की ओर से राज्यसभा में जा सकते हैं। लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने अशोक सिंह पर दांव लगाया।
इसी बीच रविवार को इस सियासी घटनाक्रम को लेकर प्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता प्रह्लाद पटेल का बयान सामने आया। उन्होंने एक टीवी चैनल के पत्रकार से बातचीत के दौरान कहा कि हमारे प्रदेशाध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि जो भी भाजपा की विचारधारा के साथ चलने काे तैयार है, उनका स्वागत है।
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर को दिल्ली पहुंचने पर मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में भी कमल नाथ ने भाजपा में जाने की बात से इन्कार नहीं किया। छिंदवाड़ा से नौ बार के सांसद रहे कमल नाथ ने दिल्ली में कहा कि अगर ऐसी कोई बात होगी तो सबसे पहले आप लोगों को ही सूचना दूंगा। इंटरनेट मीडिया के कई प्लेटफार्म पर भी फिलहाल नाथ परिवार ही ट्रेंड कर रहा है।





