नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ शनिवार से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज करेंगे। दोनों भाई-बहन चुनाव की तैयारी के लिए किसानों के आंदोलन, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाकर भाजपा को घेरने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्याय यात्रा की शुरुआत के लिए मुरादाबाद को ही केंद्र बनाया है। प्रधानमंत्री ने भी सहारनपुर के बाद संभल जिले में कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास करने के साथ लोकसभा चुनाव का बिगूल फूंका है। इसके बाद राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरुआत करने के लिए मुरादाबाद का चयन किया है।
राहुल गांधी न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर द्वारा शनिवार की सुबह 9:35 बजे मूंढापांडे एयरपोर्ट पर उतरेंगे। सुबह दस बजे जामा मस्जिद चौराहे पर आयोजित भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी दिल्ली से कार द्वारा न्याय यात्रा में शामिल होंगी। दोनों भाई-बहन कोहिनूर तिराहे पर जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से काफी त्रस्त हैं। किसान एमएसपी के लिए आंदोलनरत हैं। पुलिस भर्ती में पेपर लीक होने से छात्र बेहाल हो गए हैं। आम जनता को कोई दूसरा रास्ता सुझाई नहीं दे रहा है। राहुल गांधी इन तमाम मुद्दों को उठाकर भाजपा को आईना दिखाएंगे।
किसानों की दुर्दशा और आंदोलन के प्रति सरकार को चेताएंगे। यात्रा की तैयारी के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता एक सप्ताह से तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद सड़क मार्ग द्वारा अमरोहा जाएंगे। अमरोहा पॉलीटेक्निक मैदान में डेढ़ बजे सभा को संबोधित करेंगे। करीब तीन बजे संभल जिले के चंदौसी में भी सभा को संबोधित करेंगे। काग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल का कहना है कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा के साथ लोकसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा।





