नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आंध्र प्रदेश के हर गरीब परिवार को 5000 रुपये की मदद देने की घोषणा की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आंध्र प्रदेश के गरीबों के लिए यह कांग्रेस पार्टी की गारंटी है। परिवार की महिला के बैंक खाते में यह राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
खरगे ने एक्स पर पोस्ट में कहा है कि हमारी गारंटी मोदी की गारंटी की तरह नहीं है। कांग्रेस जो भी वादा करेगी, उसे हम पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए खरगे ने लोगों से पूछा कि देश के लोगों को क्या उनके बैंक खाते में 15 लाख रुपये मिले हैं? प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं, ‘यह तो मोदी की गारंटी है।’ मोदी की गारंटी कहां है? क्या आपके बैंक खाते में 15 लाख रुपये आए? किसानों की आय दोगुनी हुई।
क्या दो करोड़ रोजगार उपलब्ध हुए? पार्टी अध्यक्ष खरगे ने कहा है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी हमेशा से गरीब तबके, छोटे कारोबारियों, किसानों और अन्य कामगारों का ध्यान रखती आई है। प्रधानमंत्री मोदी पूंजीपतियों और धनी लोगों का साथ देते हैं।





