नई दिल्ली।कर्नाटक के राजनीति गलियारे में भूचाल आ गया है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्ज्वल रेवन्ना से जुड़े कई अश्लील वीडियो सामने आए हैं। इसी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब पेन ड्राइव स्कैंडल मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने जेडीएस और भाजपा को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा और जेडीएस के नेताओं के मन में महिलाओं के लिए कोई सम्मान हैं तो उन्हें कथित अश्लील वीडियो मामले के पीड़ितों से मिलना चाहिए।
शिवकुमार ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हासन जिले का दौरा करने और कथित अश्लील वीडियो मामले के पीड़ितों से मिलने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा, ‘मैं अमित शाह से अपील करता हूं कि वह हासन जाएं और पीड़ितों से मिलें। आपकी पार्टी ने केवल एक पत्र दिया है, उन्हें पहचानें और कृपया उनसे मिलें।’
शिवकुमार ने जेडीएस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पर उनके भतीजे और हासन सांसद प्रज्ज्वल से जुड़े विवाद को लेकर निशाना साधा। शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि कुमारस्वामी और भाजपा नेता महिला सशक्तिकरण के बारे में बहुत बातें करते हैं। अगर जेडीएस और भाजपा वास्तव में महिलाओं का सम्मान करते हैं तो उन्हें पीड़ितों का साथ देना चाहिए।





