नई दिल्ली। प्रज्ज्वल रेवन्ना मामले में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जेडीएस के निलंबित सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने से कौन रोक रहा है। बता दें कि यौन उत्पीड़न मामले में कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने राज्य सरकार को इस मामले की जांच के लिए एक चिट्ठी लिखी थी। लोकसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर हासन सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना का अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद से ही कर्नाटक की राजनीति में हलचल मच गई। हासन में मतदान के दूसरे दिन ही प्रज्ज्वल जर्मनी चले गए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल किया कि प्रज्ज्वल रेवन्ना को कैसे भागने दिया गया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा प्रज्ज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने के लिए प्रधानमंत्री को कौन रोक रहा है? कैसे और क्यों उसे नीरव मोदी और विजय माल्या की तरह देश छोड़कर भागने दिया गया





