नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार अंबानी और अडानी का नाम लेकर केंद्र सरकार को निशाने पर लेते आ रहे हैं। इस बीच यह दावा किया जा रहा है कि अब राहुल गांधी ने इन दोनों नामों पर चुप्पी साध ली है। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने तेंलगाना में पहली बार अंबानी और अडानी का नाम लिया था। उन्होंने दावा किया था कि जब से चुनाव घोषित हुए है, उन्होंने अंबानी-अडानी की आलोचना करना बंद कर दिया है।
पीएम मोदी के इस दावे पर अब राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने निशाना साधा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का चुनाव का विषय अंबानी-अडानी समेत 22 उद्योगपतियों के पास देश की 70% संपत्ति है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा, ‘जिस दिन पीएम मोदी ने ये बात कही, उसी दिन राहुल गांधी ने अपनी रैलियों में अंबानी-अडानी का नाम लिया। राहुल गांधी का चुनाव का विषय है कि अंबानी-अडानी समेत 22 उद्योगपतियों के पास देश की 70% संपत्ति है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए गहलोत ने आगे कहा कि ‘चुनाव में हमारा मुद्दा महंगाई और बेरोजगारी है लेकिन बीजेपी देश की जनता का दिमाग भटकाने की कोशिश कर रही है। अगर राहुल गांधी अंबानी-अडानी का नाम नहीं ले रहे होते तो पीएम मोदी ने जो कहा वो समझ आता लेकिन राहुल गांधी लगातार इनका नाम ले रहे हैं।अशोक गहलोक ने सीबीआई और ईडी से अंबानी-अडानी के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करने की मांग की। काला धन टेम्पो से भेजे जाने वाले पीएम मोदी के बयान पर गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी से बयान लेना चाहिए क्योंकि उन्होंने इतना बड़ा आरोप लगाया है।





