नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के समर्थन में चुनावी सभाओं में भाजपा पर हमला बोला। कहा कि पिछले पांच सालों में यहां एक नई राजनीति आई। स्थानीय सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका एकमात्र मकसद था राहुल गांधी को हराना था न कि जनता की सेवा करना। इसके लिए झूठ बोला गया। कई तरह के आरोप कांग्रेस पर लगाए गए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज यहां आई तो 20 साल पहले का चुनाव याद आ गया। 1999 का चुनाव याद आ गया। मेरी मां जब चुनाव लड़ीं तो उनके भी मन में वही भाव था जो मेरे पिताजी के मन में था कि अमेठी की सेवा करनी है। जब मैं बचपन में आती थी तो यहां की जमीन सफेद दिखती थी। मैं अपने पिता से पूछती थी कि जमीन सफेद क्यों दिख रही है तो वो कहते थे कि इसमें नमक है। यह ऊसर है यह उपजाऊ नहीं है लेकिन आज मैं यहां देखती हूं तो पता चलता है कि सारी जमीन उपजाऊ हो चुकी है।





