नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने आज NEET UG परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि NEET परीक्षा में Scam सिर्फ 24 लाख छात्रों के साथ धोखा नही बल्कि देश की मेडिकल व्यवस्था और देश के भविष्य के साथ धोखा है। आज देश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं है, जिसमें धांधली न हो। छात्रों ने सोशल मीडिया पर लिखना शुरु कर दिया है- ‘एक बार फिर, लीकेज सरकार’, चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी परीक्षा पर चर्चा करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद पेपर लीक और धांधली पर कोई बात नहीं होती है।

NEET परीक्षा में पेपर लीक और रिजल्ट में धांधली पर सरकार चुप है। NTA शक के घेरे में है, क्योंकि पेपर लीक की बात सामने आई थी। फिर परीक्षा में जो स्कोर संभव नहीं था, वे भी छात्रों को मिले। यही नहीं, NEET का रिजल्ट जल्दबाजी में पहले ही रिलीज कर दिया गया, जिसके बारे में किसी को जानकारी नहीं दी गई। ये सारी बातें NTA पर कई सवाल खड़े करती हैं। पेपर लीक, धांधली और भ्रष्टाचार NEET समेत कई परीक्षाओं का अभिन्न अंग बन गई हैं। इसकी सीधी ज़िम्मेदारी मोदी सरकार की है।
श्रीनिवास बी वी ने कहा कि भाजपा ने देश के युवाओं को ठगा है। पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता है, क्योंकि पेपर लीक माफिया छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी ने यह मांग कि NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों की पुनर्समीक्षा की जाए, जो शिकायत कर रहे हैं उसका समाधान किया जाए, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो, और प्रधानमंत्री के शपथग्रहण के पहले NEET परीक्षा परिणाम रद्द हो और पुनः परीक्षा कराकर 24 लाख छात्रों के साथ न्याय किया जाए।
इस दौरान प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और दिल्ली प्रभारी कोको पाढ़ी, राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी खुशबू शर्मा, राष्ट्रीय सचिव मो. शाहिद, सत्यवान गहलोत, सुरभि दिवेदी, अरुणा महाजन, इशिता सेधा, राजेश सिन्हा सनी, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणविजय लोचव, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष शुभम शर्मा, हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष मयंक चौधरी, समेत अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी भारतीय युवक कांग्रेस के मीडिया प्रभारी वरुण पांडे ने दी।





