नई दिल्ली । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। संगम नगरी में राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मचारी महासंघ की बैठक में शामिल होने आए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रतियोगी परीक्षाएं और सरकारी भर्ती व्यवसाय बन चुकी है। यह हजारों करोड़ रुपये का कारोबार है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। नीट के मामले में प्रधानमंत्री मोदी चुप्पी साधकर बैठे हैं। दस वर्ष में 41 बार परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रतियोगी परीक्षाएं और सरकारी भर्ती व्यवसाय बन चुकी है। यह हजारों करोड़ रुपये का कारोबार है। निरंतर गड़बड़ी चल रही है, इस पर कोई अंकुश नहीं है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर कभी नहीं बोलते। उन्होंने बीते दस वर्ष में सिर्फ झूठ बोला और नफरत फैलाई। प्रधानमंत्री मोदी अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अतीत को कुरेदते रहे। कांग्रेस को कोसने के सिवाए कुछ भी नहीं किया।
कांग्रेस नेता ने एनडीए की केंद्र सरकार के भी शीघ्र गिर जाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि अब हालात कितने खराब है इससे अनुमान लगाएं कि अयोध्या के राम मंदिर की छत भी लीक हो रही। आमजन को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है। प्रधानमंत्री को धरातल पर देखना होगा। जन आकांक्षाओं को समझना होगा। उसके अनुरूप ठोस कदम भी उठाने होंगे।





