रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कैबिनेट के विस्तार को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई है। इस बीच दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि समय मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। मुख्यमंत्री के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने साय कैबिनेट को लेकर चिंता प्रकट की।
बघेल ने कहा कि विधानसभा का सत्र आहुत किया जा चुका है, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में संसदीय कार्यमंत्री का होना विधानसभा में आवश्यक हो जाता है। हालांकि मंत्रिमंडल गठन करने का अधिकार मुख्यमंत्री का होता है, लेकिन अभी तक फ़ैसला नहीं हो पाया है। साय मंत्रिमंडल विस्तार में देर पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मंत्री के दो पद रिक्त हैं। निश्चित रूप से फैसला करने में विलंब हो रहा है, जिसका नुकसान छत्तीसगढ़ सरकार को भी हो रहा है। शिक्षा सत्र भी चल रहा है। संसदीय कार्य मंत्री दोनों ही पद रिक्त हैं, इन्हें भरा जाना चाहिए।
अयोध्या राम मंदिर में पानी के रिसाव पर भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने मंदिर के निर्माण में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया गया है। जिस तरह से जमीन खरीदी पर धांधली हुई थी, उसी प्रकार मंदिर पर भी अब धांधली नजर आ रही है। केवल मंदिर ही नहीं बल्कि बिहार में पुल और दिल्ली के एयरपोर्ट में हादसे ने बताया दिया कि भ्रष्टाचार किस स्तर पर हुआ है।
संसद में राहुल गांधी का माइक बंद होने पर भूपेश बघेल ने कहा, राहुल नीट का मुद्दा जोर-शोर से उठा रहे हैं। 26 लाख छात्रों के भविष्य का सवाल है, जिस प्रकार से घोटाला हुआ है और इस मामले को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उठा रहे हैं, लेकिन उनकी माइक बंद कर दी जा रही है, उन्हें अनसुना कर दिया गया, यह लोकतंत्र की हत्या है।





