नई दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर के राव कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में तीन छात्रों के डूबने की घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा है। कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी ने इस घटना पर दुख जताते हुए इसे लापरवाही और कुप्रबंधन की पराकाष्ठा बताया है।
प्रियंका गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली की एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत की घटना दिल दहला देने वाली है। दिवंगत आत्माओं एवं शोकाकुल परिजनों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं।
उन्होंने लिखा हाल ही में पटेल नगर में एक छात्र की करंट लगने से मौत हो गई थी। यह लापरवाही और अव्यवस्था की पराकाष्ठा है कि जो बच्चे दूर-दूर से यहां अपने सपने पूरे करने के लिए आते हैं, उनकी जिंदगी भी उनसे छिन रही है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री ने आगे कहा यह आपराधिक और गैर-जिम्मेदाराना है। इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और सबसे जरूरी है कि जिन इलाकों में प्रतियोगी छात्र रहते हैं, वहां से हर वो निर्माण, हर गतिविधि जो अवैध और जानलेवा है, उसे दुरुस्त करना चाहिए।





