नई दिल्ली। कांगड़ा से भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने पठानकोट-जालंधर नगर रेल लाइन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने लोकसभा में जोरदार शब्दों में इस मुद्दे को उठाया, कि इस रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करना पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में यह रेल सुचारू रूप से नहीं चल रही है, खासकर टॉय ट्रेन, क्योंकि एक पुल टूट गया है।
डॉ. भारद्वाज ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि उन्होंने इसे नियम 370 के तहत भी पेश किया है और रेल मंत्री से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट भी लिया है। उन्हें उम्मीद है कि अगले दो दिनों में उनकी मुलाकात हो जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को बड़े जोर-शोर से उठा रहे हैं।
चंबा के लिए उन्होंने एक बड़े स्वास्थ्य व्यावसायिक संस्थान की मांग की है और नूरपुर क्षेत्र, जिसे फौजियों का क्षेत्र माना जाता है, के लिए रक्षा मंत्री से एक सैनिक स्कूल की मांग की है। डॉ. भारद्वाज ने यह भी कहा कि वह सांसद के रूप में अपने क्षेत्र के हितों के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह मुद्दा मीडिया में भी काफी हाईलाइट हुआ है और रोज समाचार पत्रों में खबरें आ रही हैं।





