नई दिल्ली। देश आज अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को बधाई देते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने की कसम खाई। खड़गे ने लोकतंत्र और संविधान को 140 करोड़ भारतीयों के लिए दो सबसे बड़ी ढाल बताया।
अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में, खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों, आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। हम अपने लाखों महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा लोकतंत्र और संविधान हमारे 140 करोड़ भारतीयों के लिए सबसे बड़ी ढाल हैं। हम अपनी आखिरी सांस तक इसकी रक्षा करेंगे। विपक्ष लोकतंत्र की ऑक्सीजन की तरह है। सरकार के असंवैधानिक रवैये को रोकने के साथ-साथ जनता के लिए मुद्दे भी उठा रहा है। यह चिंता का विषय है कि संवैधानिक और स्वायत्त संस्थाओं को सरकार ने कठपुतली बना दिया है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वतंत्रता, लोकतंत्र, न्याय, समानता और आपसी एकता हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। ये मूल्य हमारे संविधान की नींव हैं, इनकी रक्षा करना देश के प्रति हमारा परम कर्तव्य है। अपनी स्वतंत्रता, संविधान और उसके सिद्धांतों की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अटल है। जय हिंद!’





