नई दिल्ली। आरक्षण और तुष्टीकरण के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस में ठन गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उन्हें आतंकवादियों का हिमायती मानते हैं, पर डबल इंजन की सरकार होने पर मुझ पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। उनकी इस ‘कमजोरी’ पर हमें निराशा होती है।
दरअसल, सिंह ने ‘कमजोरी’ की जगह अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल किया था। इस पर वीडी शर्मा ने प्रतिक्रिया में कहा है कि, ‘आज जब मोदी सरकार में एससी, एसटी वर्ग के लोग सशक्त हो रहे हैं तो दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के लोग परेशान हैं। अगर दिग्विजय सिंह अजा और अजजा का हक छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं तो ऐसी कमजोरी हमें स्वीकार्य है।’
यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के कार्यालय में पत्रकारों के प्रश्न के उत्तर में दिग्विजय सिंह ने यह बात कही। पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उन्हें आतंकवादियों का हिमायती और विधायक रामेश्वर शर्मा नया जिन्ना कहते हैं। वह छतरपुर घटना के बाद ‘आईएनडीआइए’ की छह सदस्यीय टीम के दौरे के बाद घटना की वस्तु स्थिति की जानकारी मीडिया को दे रहे थे।
बता दें कि विधायक शर्मा ने मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह को ‘नया जिन्ना’ बताते हुए भगवान गणेश से उन्हें सद्बुद्धि देने की बात कही है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुसलमानों को मदरसों में पढ़ाकर उन्हें एसपी कलेक्टर बनाया या जिहादी उन्हीं से पूछ लो। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिग्विजय को आतंकवादियों का हिमायती बताया।





