नई दिल्ली। प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) सोसायटी के सदस्य रिजवान कादरी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के निजी खत संग्रहालय को सौंपने की मांग की है.. ताकि शोधार्थियों को इतिहास का गहन अध्ययन करने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि इन पत्रों को डिजिटलाइज करने के बाद लौटा दिया जाएगा।
9 सितंबर को लिखे इस पत्र में 56 वर्षीय इतिहास के प्रोफेसर कादरी ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और उनके पिता पंडित मोतीलाल नेहरू ने अपने योगदान के महत्वपूर्ण अभिलेख छोड़े हैं, जो सौभाग्य से पीएमएमएल में संरक्षित हैं। मुझे बताया गया कि सोनिया गांधी के कार्यालय ने नेहरू के 51 बक्से वापस ले लिए थे। इनमें प्रथम प्रधानमंत्री के निजी खत रखे जाते थे। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि ऐसा इन अमूल्य धरोहरों की सुरक्षा के लिए सद्भावनापूर्वक किया गया होगा। हालांकि, यह सुनिश्चित करने के लिए यह जरूरी है कि ये रिकॉर्ड सुलभ रहें।





