टीकमगढ़। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। उनकी नाराजगी कांग्रेस की ओर से आइएनडीआइए के तहत सपा के साथ प्रदेश में विधानसभा चुनाव न लड़ने को लेकर है। यही वजह है कि दो दिन पहले अखिलेश ने प्रदेश ने अपनी पहली सभा में कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाया था और अब रविवार को यहां अपनी दूसरी सभा में तो उन्होंने लोगों से कांग्रेस को वोट न देने की खुली अपील भी कर डाली।
टीकमगढ़ के जतारा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को वोट मत देना, वह बहुत चालू पार्टी है। इससे सावधान रहें। मध्य प्रदेश के लोगों ने यह देखा है कि अगर किसी पार्टी ने गठबंधन को धोखा दिया है, तो वो कांग्रेस पार्टी है। मध्य प्रदेश की बदहाली के लिए भाजपा कांग्रेस दोनों जिम्मेदार है। जिस रास्ते पर कांग्रेस चल रही थी। अब उसी रास्ते पर भाजपा चल रही है। पिछली बार जब सरकार बनानी थी तो यही बड़े-बड़े दल हमें खोज रहे थे। मुझे याद है कि उस समय सबसे पहले समाजवादी पार्टी के विधायक ने समर्थन दिया था और तब कांग्रेस की सरकार बनी थी।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस देश में जातीय जनगणना को अगर किसी ने रोका है, तो वह कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने मंडल कमीशन की सिफारिश को भी रोक कर रखा था। अब उसी रास्ते में भाजपा भी चल रही है। जातीय जनगणना को लेकर समाजवादी पार्टी ने जो रास्ता दिखाया, उसका अब चमत्कार देखिए। कांग्रेस भी कह रही है कि जातीय जनगणना होनी चाहिए।
कांग्रेस ने जातीय जनगणना की बात इसलिए कही, क्योंकि उनका सारा वोट भाजपा में चला गया है। वहीं, भाजपा पिछड़ों के आरक्षण के खिलाफ रही है, वो भी आज जातीय जनगणना की बात कर रही है।





