इंदौर। एमपी का चुनाव प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के हवाले छोड़ राहुल गांधी का ध्यान दक्षिण में लगा हुआ है। दो दिन पहले राहुल गांधी केदारनाथ दर्शन के लिए भी पहुंचे, लेकिन अब तक एमपी के प्रचार मंचों पर वे दूरी बनाए दिख रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की लगातार मालवा-निमाड़ में चुनावी सभाएं हो रही हैं।
इस बीच कांग्रेस के उम्मीदवारों से लेकर कार्यकर्ता लगातार राहुल गांधी की सभाओं और रोड शो की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस में चर्चा है कि राहुल ने अपना ध्यान फिलहाल दक्षिण भारत में केंद्रित कर दिया है। विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए बमुश्किल नौ दिन और बचे हैं। इस बीच मप्र के प्रचार अभियान में राहुल गांधी के प्रवेश का इंतजार है।
कांग्रेस के जानकारों के अनुसार राहुल गांधी के चुनावी अभियान की प्राथमिकता में तेलगांना और छत्तीसगढ़ ऊपर हैं। अब तक दक्षिण भारत में ध्यान लगा रहे राहुल प्रचार के आखिरी मौके पर अब मप्र का रुख कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि 9 से 14 नवंबर के बीच चार दिन राहुल गांधी मप्र में प्रचार को देंगे। प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार 9 और 10 नवंबर के बाद 13 और 14 नवंबर को राहुल गांधी मप्र में चुनावी सभा और रोड शो करते नजर आ सकते हैं।
इस बीच मालवा-निमाड़ में राहुल गांधी के रोड शो के लिए स्थानीय उम्मीदवार दिल्ली और प्रदेश कांग्रेस को मांग भेज चुके हैं। आसार है कि इंदौर में राऊ क्षेत्र के साथ उज्जैन में राहुल की सभा हो सकती है।





