नई दिल्ली। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बिहार चुनाव को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर संगठित वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में 65 लाख वोट काटे गए और जिस होटल में वह रुके थे, उसी की दूसरी विंग में अमित शाह ठहरे थे, जहां से गुजरात के ऑब्जर्वर को बुलाकर पूरा खेल कराया गया।
बड़ौत में दिल्ली रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र पर खुला हमला हो रहा है। थानों, ब्लॉक और बिजली विभाग में दलाली चल रही है, फर्जी मुकदमे दर्ज कर जनता को परेशान किया जा रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि दिल्ली से लेकर पुलवामा, उरी और पठानकोट तक हुए हमलों में सरकार आज तक यह नहीं बता पाई कि आरडीएक्स कहां से आया, जबकि यूपी के कई जवान शहीद हुए, परिवारों को मदद तक नहीं मिली।
किसानों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 400 रुपये का गन्ना भाव सिर्फ दिखावा है, भुगतान रुका है और किसान परेशान हैं। सोनभद्र हादसे पर अजय राय ने कहा कि अवैध खनन की जिम्मेदारी सरकार की है, क्योंकि मुख्यमंत्री मौके पर मौजूद थे। उन्होंने मृतक परिवारों को एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि 2027 चुनाव की तैयारी जारी है, लेकिन लोकतंत्र बचाना है तो जनता को हमारे साथ खड़ा होना पड़ेगा।





