नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दूरियां और बढ़ गई हैं। ताजा बयान कालकाजी से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा का है।
समाचार एजेंसी ANI से चर्चा में अलका लांबा ने कहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करना कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल थी। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटें भाजपा की गोद में रख दी।
केजरीवाल में शर्म है, तो माफी मांगे: अलका लांबा
अलका लांबा ने केजरीवाल के उस इंटरव्यू का जिक्र किया, जिसमें आप संयोजक ने कहा है कि जब वे जेल में थे, तब बैठे-बैठे सोच रहे थे कि देश का सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री कौन है, तो
उनके मन में मनमोहन सिंह का नाम आया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अलका लांबा ने कहा, केजरीवाल को दिवंगत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी की पत्नी गुरशरण कौर के पैरों में गिरकर माफी मांगना चाहिए, क्योंकि केजरीवाल ने उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाए।
बकौल अलका लांबा- ‘केजरीवाल को संदीप दीक्षितजी से माफी मांगना चाहिए, जिनकी मां और दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री को झूठे आरोप लगाकर बदनाम किया गया।’
केजरीवाल को सोनिया गांधी से माफी मांगना चाहिए। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन किया, लेकिन उन्होंने सातों सीटें भाजपा की झोली में डाल दी।’
केजरीवाल में दम है तो इंडिया गठबंधन से अलग हो जाएं
अलका लांबा ने यह भी कहा कि दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस को सबक सिखाया कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का फैसला गलती थी। अब केजरीवाल में दम है तो वो खुद को इंडिया गठबंधन से अलग कर लें।
बता दें, आम आदमी पार्टी के नेता भी कांग्रेस पर लगातार हमला कर रहे हैं। आप नेता कह चुके हैं कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर कर दिया जाना चाहिए।





