MP Desk! भोपाल के मैरियट होटल में आयोजित शक्ति संगम 2025 के अवसर पर शीराइज़ क्लब का भव्य उद्घाटन किया गया। जिसका उद्देश्य मध्यप्रदेश की लाखों महिलाओं को सशक्त बनाना, आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करना और कार्य-जीवन संतुलन को मजबूत करना है। यह क्लब उन महिलाओं के लिए एक प्रेरणादायक मंच है जो अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहती हैं और सही मार्गदर्शन एवं सहयोग की आवश्यकता महसूस करती हैं।
शुभारंभ समारोह में सम्मानित हस्तियों की उपस्थिति
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भक्ति शर्मा,एलएनसीटी समूह की पूजा चौकसे, और शीराइज़ क्लब की अध्यक्ष नेहा तिवारी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। इसके अलावा, मध्यप्रदेश की अनेक प्रभावशाली महिलाएं, जो महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनीं।
नेहा तिवारी का विज़न – महिलाओं के सशक्त भविष्य की ओर एक कदम
शीराइज़ क्लब की अध्यक्ष नेहा तिवारी, जो मिसेज यूनिवर्स एस्थेटिक्स 2024 विजेता और समाजसेवी हैं, ने इस पहल के पीछे अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा शीराइज़ क्लब केवल एक संगठन नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जहाँ वे अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ सकती हैं। हमारा उद्देश्य उन्हें न केवल व्यक्तिगत और व्यावसायिक रूप से विकसित करना है, बल्कि मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। इस क्लब के माध्यम से हम महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और संसाधनों की सुविधा देंगे, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।”
शक्ति संगम 2025 – महिला नेतृत्व और संतुलन की कला
कार्यक्रम के दौरान “संतुलन की कला – कार्य और जीवन में सामंजस्य”विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें पूनम श्रॉति, प्रिया तिवारी, उमंग श्रीधर, अल्पा रावल, अनुराधा जोशी, अनामिका तिवारी, दर्शना सोलंकी और सुनीला दुबे जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। इस चर्चा में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को सशक्तिकरण की असली कुंजी बताया गया।
शक्ति संगम की रीढ़ – इनक्यूबेशन मास्टर्स की सशक्त टीम
इस सफल आयोजन के पीछे इनक्यूबेशन मास्टर्स की समर्पित महिला टीम का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने इसकी सफलता के लिए अथक परिश्रम किया। इस टीम में प्रीति चौधरी, देवांशी शर्मा, हर्षिता भगवत, संजना सिंह, मेघा उपाध्याय और अंशिता दुबे शामिल थीं। इन सभी ने अपने कौशल और समर्पण से इस आयोजन को यादगार बनाया।
वीमेन इनएबलर अवॉर्ड्स – बदलाव की वाहक महिलाओं को सम्मान
इस अवसर पर “वीमेन इनएबलर अवॉर्ड्स” का आयोजन किया गया, जिसमें उन महिलाओं और संगठनों को सम्मानित किया गया जिन्होंने महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व और वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
शक्ति संगम 2025 – एक नए युग की शुरुआत
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने नेटवर्किंग, मार्गदर्शन और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इस शुभारंभ के साथ, शीराइज़ क्लब अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और जल्द ही पूरे मध्यप्रदेश की महिलाओं तक अपनी सेवाएँ पहुँचाने के लिए तैयार है। आने वाले वर्षों में, शीराइज़ क्लब लाखों महिलाओं के जीवन को बदलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।





