मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने संकल्प पत्र में ‘खुशहाल मध्य प्रदेश’ देने के वादे के साथ कांग्रेस के वचन पत्र का जवाब भी देगी। शनिवार को भोपाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा का यह संकल्प पत्र जारी करेंगे।
अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने जहां प्रदेश के हर भूमिहीन परिवार को भूखंड और आवास देने का वादा किया है तो प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा प्रस्तुत पढ़ो-पढ़ाओ योजना के जवाब में बेटियों के लिए केजी से पीजी (स्नातकोत्तर) तक मुफ्त शिक्षा का वादा भी शामिल किया है। किसान कर्जमाफी के जवाब में किसानों को प्रति हेक्टेयर फसल पर एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता, मोटे अनाज का समर्थन मूल्य, फल-फूल और औषधीय खेती पर विशेष प्रोत्साहन पैकेज सहित किसानों की समृद्धि के लिए किसान कल्याण आयोग का गठन करने का वचन दिया है। युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बटालियन और समाज में शांति बनाए रखने के लिए समान नागरिक संहिता कानून बनाने का भी वादा किया है। हर परिवार को पांच वर्ष में मानक स्तर का पेयजल, मध्यम वर्ग के लिए बिजली बिल में राहत और नदी किनारे बसे शहर-गांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का वादा भी भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल हो सकता है। आवास के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना बनाने के मुद्दे पर भी पार्टी संकल्प पत्र में खुलासा कर सकती है।





