भोपाल। पार्टी से नाराजगी की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने इन सभी अटकलों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट हैं और विवाद का कोई सवाल ही नहीं है। यह बयान उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया।
दरअसल, हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि कमलनाथ कांग्रेस से असंतुष्ट हैं। उनके हवाले से कहा गया था कि संगठन में नियुक्तियों के बारे में उनसे कोई चर्चा नहीं की जा रही है, और उन्हें बैठकों की भी सूचना नहीं दी जाती। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें मीडिया से ही यह जानकारी मिली कि पीसीसी में बैठक आयोजित की गई थी।
क्या कमलनाथ हैं नाराज़?
यह पहली बार नहीं है जब कमलनाथ की कांग्रेस से नाराजगी की चर्चा ने तूल पकड़ा है। पहले भी ऐसी अटकलें लगाई जा चुकी हैं, और कुछ समय पहले यह भी कहा जा रहा था कि कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। उस समय कमलनाथ दिल्ली में थे, लेकिन उन्होंने इन अफवाहों को सिरे से नकारते हुए पूरी तरह से खारिज कर दिया था।
पूर्व सीएम ने इन खबरों को झूठा बताया
अब एक बार फिर से कांग्रेस में नियुक्तियों और बैठकों को लेकर उनकी नाराजगी की खबरें सामने आई थीं, लेकिन कमलनाथ ने इन्हें पूरी तरह से निराधार और बेबुनियाद करार दिया। X प्लेटफॉर्म पर उन्होंने लिखा, “कांग्रेस की मजबूती के लिए और प्रदेश की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए हम सभी कांग्रेसी एक हैं। विवाद का कोई सवाल नहीं है। पिछले दिनों हुई प्रदेश की राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक को लेकर मीडिया में जो नाराजगी के कयास लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह से निराधार हैं।





