नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली में मिली हार के बाद पहली सार्वजनिक मौके पर नजर आए। उनके साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी थीं। दोनों अमृतसर में हैं जहां उन्होंने आज प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में दर्शन किए। अरविंद केजरीवाल और सुनीता केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद थे। इससे पहले केजरीवाल 10 दिनों तक होशियारपुर स्थित विपासना सेंटर में थे।
दिल्ली में 8 मार्च को पार्टी को मिली करारी हार का झटका अरविंद केजरीवाल को भी लगा। पूर्व मुख्यमंत्री अपनी नई दिल्ली विधानसभा सीट भी हार गए,जहां से वह 2013 से अब तक जीतते आए थे। बीजेपी के प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने उन्हें करीबी मात दी थी। केजरीवाल के अलावा उनके प्रमुख लोगों में मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज,सत्येंद्र जैन भी अपनी-अपनी सीट गंवा बैठे। केजरीवाल को हार का इतना गहरा झटका लगा कि उसके बाद से उन्होंने कोई भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। लोगों के बीच तक नहीं गए। हालांकि उन्हें बीच में दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाबा विधायकों की मीटिंग लेकर बाहर निकलते देखा गया था।
केजरीवाल इसके बाद पंजाब के होशियारपुर स्थित विपासना सेंटर पहुंचे। उनकी काफिले में लगी गाड़ियां भी सुर्खियां बनीं। केजरीवाल यहां रात में पहुंचे जिससे उन्हें कोई देख भी नहीं पाया। यहां वह 10 दिनों तक रहे। एक दिन पहले ही उनकी विपासना का कार्यक्रम पूरा हुआ और आज वह स्वर्ण मंदिर अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ पहुंचे हैं। भीड़ के बीच वह काफी शांत दिखे। किसी की भी तरफ न हाथ हिलाया और न ही चेहरे पर मुस्कुराहट। कहा जा रहा है कि इसके बाद वह पंजाब सरकार में कुछ फेरबदल कर सकते हैं।





