नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के 11 दिन बाद बुधवार को मुख्यमंत्री पद से सस्पेंस खत्म होगा। शाम 7 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री होगा।
शाम 7 बजे दिल्ली भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सभी 48 विधायकों के साथ ही केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होंगे। हालांकि, अब तक पार्टी ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों का एलान नहीं किया है।
मोदी कैबिनेट के बाद संसदीय बोर्ड की बैठक
दिल्ली में सीएम के नाम पर सस्पेंस के बीच आज पहले मोदी कैबिनेट की बैठक होगी। इसके बाद भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक भी होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।
यहां पीएम मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सामने दिल्ली के संभावित सीएम दावेदारों के नाम रखे जाएंगे। इन नामों पर चर्चा होगी। इसी बैठक में पर्यवेक्षकों के नाम भी तय होंगे, जो शाम 7 बजे होने वाली विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे।
आज ही पेश किया जाएगा सरकार बनाने का दावा
विधायक दल का नेता तय होने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। सीएम उम्मीदवार के साथ ही बड़े नेता एलजी से मिलेंगे।
वहीं, रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण होगा।
शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के सभी दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। एनडीए सहयोगी दलों के नेता और सीएम भी रहेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा के लिए 5000 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। वहीं अर्द्धसैनिक बलों की 10 टुकड़ियां भी नियुक्त की गई हैं।
आम आदमी पार्टी की भी अहम बैठक
इस बीच, गोपाल राय की अध्यक्षता में आम आदमी पार्टी की बैठक होने जा रही है। बैठक में हार की समीक्षा भी की जाएगी। वहीं, कालकाजी से विधायक चुनी गईं पूर्व सीएम आतिशी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि परिणाम आने के 11 दिन बाद तक सरकार नहीं बन पाई है।





