नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने सिवनी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को निरंतर विकास चाहिए, मध्य प्रदेश को लगातार सुशासन चाहिए।
सिवनी में पीएम मोदी कर रहे जनता का संबोधन
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, महाकौशल ने भाजपा को बार-बार आशीर्वाद दिए हैं। इस बार भी महाकौशल ने भाजपा की महाविजय तय कर दी है। ये नजारा, ये जनता-जर्नादन की गारंटी है, भाजपा को जिताने की। ये विजय की गारंटी है, जनता जनार्दन के आशीर्वाद से निकली हुई गारंटी है। मध्य प्रदेश एक स्वर से कह रहा है भाजपा है तो भरोसा है भाजपा है तो विकास है भाजपा है तो बेहतर भविष्य है। मध्य प्रदेश से एक ही आवाज सुनाई दे रही है, ‘एमपी के मन में बसे मोदी, मोदी के मन में बसे एमपी, इसलिए फिर एक बाद भाजपा सरकार।
पीएम मोदी ने कहा विजय क्या होती है, यहां आकर देखिए। 30 साल बाद कोई प्रधानमंत्री यहां आया है और ये सौभाग्य भी मुझे मिला। कोरोना काल से लेकर अब तक हमने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी। एमपी में लगभग 5 करोड़ लोगों के घर में मुफ्त राशन दिया। ये योजना एक महीने बाद दिसंबर में बंद हो रही थी, लेकिन मैं गरीब के दर्द को महसूस करता हूं, इसलिए आपके बेटे ने मन में पक्का कर लिया है, निश्चय है कि आने वाले 5 सालों के लिए मुफ्त राशन देंगे।
पीएम ने कहा मध्य प्रदेश के मन में मोदी क्यों हैं, इसका एक उदाहरण प्रधानमंत्री अन्न योजना है। कोरोना के समय मेरे मन में एक ही विचार चलता था कि दुनिया भर में इतना बड़ा संकट आया है। परिवार का एक-एक व्यक्ति जान बचाने के लिए भय के बीच जी रहा है। मेरा एक संकल्प बना था कि इतने बड़े संकट में मैं किसी भी गरीब का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा।





