नई दिल्ली। तेलंगाना में आगामी 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी अपने चुनाव प्रचार के लिए बस यात्रा कर रही है।कालेश्वरम परियोजना के मेदिगड्डा (लक्ष्मी) बैराज के पास अंबातिपल्ली गांव में महिलाओं की एक सभा को राहुल गांधी ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव द्वारा कथित तौर पर ”लूटे गए” सारे पैसे ”वापस” देने का फैसला किया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आप जानते हैं कि तेलंगाना में चुनाव है और मुकाबला दोराला तेलंगाना और जनता के बीच है। इस जगह पर दोराला तेलंगाना का सबसे बड़ा प्रतीक है मैं चाहता था कि इसे अपनी आंखों से देखें।
राहुल ने कहा कि तेलंगाना की महिलाएं यहां के मुख्यमंत्री की लूट से सबसे ज्यादा प्रभावित हुईं। कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री द्वारा लूटी गई रकम को आपके बैंक खातों में जमा करने का फैसला किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि पहले कदम के तौर पर महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये सामाजिक पेंशन के तौर पर जमा किए जाएगे। साथ ही, 1,500 रुपये भी बचेंगे क्योंकि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो एलपीजी सिलेंडर, जिसकी कीमत अभी 1,000 रुपये है, उसे 500 रुपये में देगी और 1,000 रुपये में सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा करेगी। उन्होंने कहा कि इन सब से आपको हर महीने 4,000 रुपये का फायदा होगा। इसे परजला सरकार (लोगों की सरकार) कहा जाता है।
यह आरोप लगाते हुए कि तेलंगाना में 1 लाख करोड़ रुपये की लूट हुई है राहुल गांधी ने कहा कि बीआरएस, भाजपा और एमआईएम आगामी चुनावों में एक तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि लड़ाई कांग्रेस और केसीआर के नेतृत्व वाली पार्टी के बीच है।
राहुल ने कहा कि MIM और बीजेपी बीआरएस का समर्थन कर रहे हैं। इसलिए आपको दोराला सरकार (सामंती शासन) को हटाने और परजला सरकार (लोगों का शासन) स्थापित करने के लिए कांग्रेस का पूरा समर्थन करना होगा।





