नई दिल्ली। तीन दिन केदारनाथ धाम में रुकने के बाद मंगलवार सुबह राहुल गांधी ने बाबा केदार का रुद्राभिषेक किया। दो दिन केदारनाथ में रहकर राहुल गांधी ने भक्तों की खूब सेवा की। पहले दिन उन्होंने भक्तों को अपने हाथों से चाय पिलाई तो दूसरे दिन भंडारा परोसा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी तीन दिवसीय केदारनाथ प्रवास को पूरा कर मंगलवार सुबह दिल्ली रवाना हुए। इसके अलावा वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अचानक पैदल भैरव मंदिर पहुंच गए। यहां उन्होंने परंपरानुसार रोट चढ़ाए। भैरव को केदारनाथ के क्षेत्रपाल के रूप में पूजा जाता है।
राहुल गांधी केदारनाथ मंदिर के पास आदिगुरु शंकराचार्य समाधिस्थल में काफी देर तक बैठे रहे। उन्होंने शंकराचार्य की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर ध्यान लगाया। काला जैकेट, टोपी और गले में माला पहने हुए राहुल गांधी पूरी तरह आध्यात्मिक भाव में दिखे। उनके माथे पर चंदन लगा हुआ था। महाभिषेक आरती में शामिल होने के बाद राहुल गांधी ने अन्य श्रद्धालुओं से बातचीत भी की। साथ ही धाम में मौजूद साधु और संतों का भी आशीर्वाद लिया।





