भोपाल। मध्य प्रदेश में NEYU से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने जमकर विरोध किया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, “भा.ज.पा. भारत के युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है, उनका भविष्य समाप्त कर रही है।”
गौरतलब है कि गुरुवार को पुलिस ने नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन (NEYU) से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद एमपीपीएससी के छात्रों में गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने कड़ी निंदा करते हुए दोनों की तत्काल रिहाई की मांग की।
मामला क्या है?
यह घटना 31 दिसंबर की रात को शुरू हुई, जब MPPSC ने वर्ष 2025 के लिए नई अधिसूचना जारी की, जिसमें 158 पदों की घोषणा की गई। पहले 700 पदों का वादा किया गया था, जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्र नेता राधे जाट और रंजीत किसानवंशी ने छात्र आंदोलन की योजना बनाई, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
राहुल गांधी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने X पर लिखा, “भा.ज.पा. भारत के युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है, उनका भविष्य समाप्त कर रही है। सरकारी भर्ती में विफलता एक बड़ा अन्याय है। पहले भर्ती ही नहीं होती, यदि भर्ती निकलती है तो परीक्षा समय पर नहीं होती, अगर परीक्षा हो तो पेपर लीक करवा दिए जाते हैं। और जब युवा न्याय की मांग करते हैं, तो उनकी आवाज़ को बेरहमी से दबा दिया जाता है। हाल ही में यूपी और बिहार की घटनाओं के बाद, अब मध्य प्रदेश में एमपीपीएससी में हुई गड़बड़ी के खिलाफ विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है। यह तब हुआ जब मुख्यमंत्री ने खुद छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। बीजेपी सरकार ने छात्रों के विश्वास को तोड़ा है और लोकतांत्रिक प्रणाली का गला घोंटा है। छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में हम उनके साथ हैं और भाजपा को देश के युवाओं के हक की आवाज़ को दबाने नहीं देंगे।”





