हावड़ा। पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह एक ट्रेन हादसा हुआ, जिसमें सिकंदराबाद से कोलकाता जा रही ट्रेन संख्या 22850, सिकंदराबाद-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस पटरी से उतर गई।
अब तक की जानकारी के अनुसार, चार बोगियां पटरी से उतरी हैं, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब ट्रेन हावड़ा के पास नालपुर स्टेशन से गुजर रही थी।
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि नालपुर स्टेशन के पास ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें एक पार्सल वैन और दो यात्री डिब्बे शामिल हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेल अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे के कारण खड़गपुर डिवीजन के नालपुर स्टेशन पर रेल संचालन बाधित हो गया है। चार में से तीन लाइनें अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, जिससे कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा है। दुर्घटना के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी है।





